अद्भुत झरने

30 Apr 2016
0 mins read

दुनिया भर में झरने या जलप्रपात बड़ी संख्या में पाए जाते हैं परन्तु इनमें से कुछ बेहद खास हैं। कुछ बहुत ऊँचाई से गिरने वाले हैं तो कुछ बेहद विशाल इलाके में एक साथ गिरते हैं। आपको विश्व के 6 चुनिंदा आश्चर्यजनक झरनों के बारे में बता रहे हैं।

नियाग्रा फॉल्स


(अमेरिका-कनाडा)
यह धरती के सर्वाधिक लोकप्रिय झरनों में से एक है। इस झरने में पानी 52 मीटर की ऊँचाई से गिरता है जो बेशक ज्यादा ऊँचाई नहीं है। इसकी खासियत वह विशाल इलाका है जिस पर से यह झरना गिरता है। यह झरना अमेरिका व कनाडा की सीमा पर स्थित है और दोनों में से हर देश की ओर से देखने पर इसका विहंगम नजारा दिखाई देता है। इसे देखने के लिये एक विशेष सुरंग भी बनी है, साथ ही नौका में बैठ कर ऊपर से गिरते इस विशाल झरने को देखने का रोमांच भी कुछ अलग है।

विक्टोरिया फॉल्स


(जाम्बिया-जिम्बाब्वे)
1,700 मीटर चौड़ी चट्टान से जाम्बेसी नदी का पानी 108 मीटर नीचे खाड़ी में गिरता है। ऊँचाई और चौड़ाई के हिसाब से यह विश्व में पानी का सबसे बड़ा पर्दा बनता है। एक घुमावदार रास्ता झरने के दूसरी ओर की खाड़ी तक ले जाता है। यहाँ जाने वाले भीगे बिना नहीं लौट सकते क्योंकि झरने से उड़ती पानी की बूँदें दूर तक जाती हैं। यह झरना भी दो देशों जाम्बिया तथा जिम्बाब्वे से देखा जा सकता है।

एंजल फॉल्स

(वेनेजुएला)
1933 में पायलट जेम्स एंजल ने वेनेजुएला के जंगलों के ऊपर से उड़ान भरते हुए इस झरने की खोज की और उनके नाम पर ही इसका नाम रखा गया। यह विश्व का सबसे ऊँचा झरना है। यह कई हिस्सों में नीचे गिरता है जिनमें से सबसे लम्बा हिस्सा 807 मीटर का है। इस झरने को देखने के लिये कनाइमा राष्ट्रीय उद्यान जाना पड़ता है। वहाँ से नौकाएं पर्यटकों को झरने तक ले जाती हैं।

विनुफालेट


(नॉर्वे)
यूरोप में यह सर्वाधिक ऊँचा झरना है। विनु ग्लेशियर की बर्फ का पानी पिघल कर 865 मीटर की ऊँचाई से नीचे गिरता है। ओस्लो से 400 किलोमीटर उत्तर में सनडालसोरा कस्बे के करीब स्थित इस झरने तक पहुँचना सरल है। सनडाल घाटी के साथ लगते हाई-वे पर से गुजरने वालों को दूर से ही यह सुंदर झरना दिखाई देता है।

इगुआजू फॉल्स


(अर्जेंटीना-ब्राजील)
जंगल के बीच से कोई 20 से ज्यादा हिस्सों में गिरता इस झरने का पानी देख कर लगता है कि जैसे आप पुराने दौर में प्रवेश कर गए हों। यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल इस झरने को ब्राजील तथा अर्जेंटीना दोनों देशों से देखा जा सकता है। एक फुटपाथ गोलाकार ‘गरगांटा देल दियाब्लो’ (अर्थात-शैतान का गला) नामक स्थान तक जाता है। वहाँ खड़े होकर इस झरने से गिरने वाले पानी के वेग को बेहद करीब से महसूस किया जा सकता है।

तुगेला फॉल्स


(दक्षिण अफ्रीका)
रॉयल नताल राष्ट्रीय उद्यान की ड्राकेन्सबर्ग पहाड़ियों में पार्किंग से दो कच्चे पहाड़ी रास्ते सीधे इस 948 मीटर ऊँचे झरने तक जाते हैं। तुगेला नदी के मुहाने तक पहाड़ी सफर और वहाँ से झरने को कोने वाले पठार तक जाना सबसे रोमांचक हाइकिंग है। 5 चरणों वाला यह झरना बहुत विशाल है। सूखे मौसम में यह झरना पूरी तरह गायब रहता है वहीं बारिश के मौसम में यह मीलों दूर से भी दिखाई पड़ता है।

Posted by
Get the latest news on water, straight to your inbox
Subscribe Now
Continue reading