कई दिनों से पश्चिमी दिल्ली प्यासी

30 Aug 2011
0 mins read
पश्चिमी दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली में पिछले दो दिनों से पानी के लिए हाहाकार मचा है। बवाना वाटर पंप हाउस में हरियाणा से आने वाले पानी की आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई है। दिल्ली जलबोर्ड की पानी की पाइप लाइन के फूटने की वजह से पंप हाउस में पानी ही नहीं आ रहा था, जिस कारण नांगलोई जल शोधन संयंत्र तक पानी पहुँचा ही नहीं। शुक्रवार शाम को शुरू हुई समस्या सोमवार सुबह तब बनी रह सकती है।

जलबोर्ड भी इसके लिए तैयार नहीं था और आनन-फानन में जलबोर्ड द्वारा काम शुरू कर दिया गया। इसका परिणाम यह निकला कि पाइप की वेल्डिंग ही उखड़ गई, जिससे लोगों को रविवार सुबह मिलने वाला पानी अब सोमवार सुबह तक मिलने की आशंका है। इतने दिनों तक प्यासी जनता के लिए जलबोर्ड का टैंकर भी उपलब्ध नहीं है। टैंकर भी उन्हीं के दरवाजे पर पहुंच रहा है, जिनकी सिफारिश स्थानीय विधायक कर रहे हैं। जलबोर्ड के जोनल अधिकारियों ने आम लोगों का फोन उठाना बंद कर दिया है। जलबोर्ड ने जनता को उनकी हाल पर छोड़ दिया है। जलबोर्ड ने मीडिया के मार्फत लोगों को जानकारी देने में भी देर की, जिससे स्थिति विकट हो गई। 27 की शाम व 28 अगस्त की सुबह के लिए 27 की शाम में जानकारी दी गई जबकि पानी की समस्या 26 अगस्त की शाम से ही है।

जलबोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरियाणा से बवाना स्थित वाटर पंप हाउस तक आने वाला पानी 1500 एमएम के पाइप लाइन के टूटने की वजह से नहीं पहुंच सका। इससे नांगलाई जल शोधन संयंत्र को पानी ही नहीं मिला। इसकी वजह से द्वारका कमांड-2, उत्तम नगर, शीश राम पार्क, नंगरम पार्क, हस्तसाल, मटियाला, बिंदापुर एक्सटेंशन, मोहन गार्डन, उजवा यूजीआर, विशु विहार, भगत एंक्लेव, वाणी विहार, उत्तम नगर समूह की अन्य कालोनियां, विकासपुरी, बुढ़ेला और उसके आसपास के इलाके, समूची जनकपुरी कालोनी, नजफगढ़ गांव व शहर, मुंडका, रन्हौला गांव, कोटला तिलंगपुर, चाणक्य प्लेस एक व दो, जीवन पार्क, इंद्रा पार्क, महेंद्रा पार्क, मिलाप नगर, नांगलोई सहित 100 से अधिक कॉलोनियों में शुक्रवार शाम से ही पानी की आपूर्ति नहीं हुई है।

Posted by
Get the latest news on water, straight to your inbox
Subscribe Now
Continue reading