यमुना के प्रदूषण का दर्द सुनाया

मथुरा। भाजपा के उप्र प्रभारी ओमप्रकाश माथुर से संयुक्त रूप से यमुना मुक्ति-करण अभियान के पदाधिकारी और भाकियू भानु गुट के पदाधिकारी मिले। उनके साथ बल्लभकुलीय गोस्वामी पंकज बाबा महाराज आदि भी थे।

यमुना मुक्तिकरण अभियान के पदाधिकारियों द्वारा लगातार ही जन प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनसे यमुना में पर्याप्त जल प्रवाह व यमुना में गंदगी गिरने से रोकने के लिए उसके समानांतर नाले निर्माण की मांग रखी जा रही है। यमुना मुक्तिकरण अभियान का शिष्टमंडल भाजपा के उप्र के प्रभारी व राज्यसभा सांसद ओम प्रकाश माथुर से दिल्ली में उनके निवास पर मिला। अभियान के पदाधिकारियों द्वारा सांसद को पटुका उढ़ा उन्हे ठाकुर जी का प्रसाद भेंट किया गया। यमुना मुक्तिकरण अभियान के संयोजक राधाकान्त शास्त्री ने कहा कि ब्रज के साधु-संतो, ब्रजवासियों व समस्त यमुना भक्तों ने यमुना का अविरल प्रवाह ब्रज में पुन: लाने हेतु आन्दोलन की राह पकड़ ली है। 15 मार्च को आन्दोलन होगा, जिसमें साधु-संत, ब्रजवासी, भारतीय किसान यूनियन (भानु) के किसान एवं समस्त यमुना भक्त भाग लेंगे।

बल्लभ कुलीय गोस्वामी पंकज बाबा ने कहा कि यमुना से आस्था और जीवन दोनों ही मुद्दे जुड़े हुए है। पुष्टीमार्गीय वैष्णवों में यमुना का बड़ा महत्व है। इसके साथ ही सप्त देवालयों में यमुना के जल का प्रयोग किया जाता रहा है। परन्तु वर्तमान में यमुना की जो दुर्दशा हो रही है उससे करोड़ो लोग प्रभावित हैं। इसलिए यमुना का स्वच्छ और निर्मल होना अति आवश्यक है एवं इसके लिए ब्रजवासी मन बना चुके हैं।

यमुना मुक्ति-करण के राष्ट्रीय सह-संयोजक सुनील सिंह व राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार रवि मोंगा ने कहा कि हथिनी कुण्ड से कुछ किलोमीटर नीचे आकर ही पूरी यमुना सूख जाती है और जो यमुना ब्रज में दिखाई देती है वह सिर्फ दिल्ली और उससे आगे के शहरों के नाले का जहरीला जल है। न्यायालय के आदेश के अनुसार किसी भी नदी की धारा को मरने नहीं दिया जा सकता। उसके तल पर इतना जल अवश्य छोड़ा जाना चाहिए, जिससे उसका न्यूनतम प्रवाह बना रहे फिर यह आदेश यमुना के साथ क्यों लागू नहीं किया जा रहा है।

यमुना मुक्तिकरण अभियान के राष्ट्रीय महासचिव हरेश ठेनुआ व उत्तर प्रदेश संयोजक श्याम चतुर्वेदी ने कहा कि यमुना का गन्दा जल अब ब्रज में कतई बर्दास्त नहीं है, लोगो में इसके खिलाफ रोष है। उच्चतम न्यायालय द्वारा गठित टैक्निकल ग्रुप में आईआईटी दिल्ली और रुड़की दोनों ने यह माना है कि यमुना का जल इतना प्रदूषित है कि उसका उपाय समानान्तर नाला निर्माण ही है इसलिये यमुना के समानान्तर नाले का निर्माण जल्द से जल्द होना चाहिए।

भाजपा के उप्र के प्रभारी व राज्यसभा सांसद ओम प्रकाश माथुर ने कहा कि यमुना की महत्ता किसी से अनविज्ञ नहीं है सरकार इसके प्रति गंभीर है। शिष्टमंडल में राष्ट्रीय सलाहकार राधाप्रिय, मथुरा नगर अध्यक्ष पंकज चतुर्वेदी, अनुभव तैलंग, कृष्णकान्त अवस्थी आदि उपस्थित थे।

Posted by
Get the latest news on water, straight to your inbox
Subscribe Now
Continue reading